[1]पास्टर सुमित, निखिल, अनुज और विवेक ने पुराने नियम से आराधना के बारे में जो कुछ सीखा था, उस पर विचार विमर्श करने के लिए फिर से मुलाकात की।
सुमित, जो पारंपरिक आराधना को महत्व देता हैं, उसने कहा, "मुझे लगता है कि पुराना नियम प्रमाणित करता है कि मेरी कलीसिया सही तरीके से आराधना कर रही है। मंदिर में आराधना औपचारिक और व्यवस्थित थी। हम यही करने की कोशिश करते हैं।"
निखिल हँसा, "हाँ, परन्तु क्या आपने भविष्यद्वक्ताओं की कही बातें पढ़ीं? मंदिर की औपचारिक आराधना का कोई मतलब नहीं था! जो आराधना परमेश्वर को प्रसन्न करती है, वह हृदय से की गई आराधना है। हम अपनी समकालीन आराधना में यही करते हैं; हम नई पीढ़ी के दिलों को छू रहे हैं।"
निराश होकर, अनुज ने कहा, "हम आराधना के अध्ययन के आरम्भिक चरण से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। परमेश्वर सीधे क्यों नहीं कहते, 'तुम्हें मेरी आराधना इसी तरह करनी चाहिए?'"
विवेक बोले। "हमें हार नहीं माननी चाहिए। हम नए नियम के मसीही हैं; शायद नया नियम हमारे सवालों का जवाब दे। आइए नए नियम में आराधना का अध्ययन करें और देखें कि उसमें क्या लिखा है।"
► नया नियम में आराधना कैसे बदली? प्रारंभिक कलीसिया की आराधना, तम्बू और मंदिर की आराधना से कैसे भिन्न थी? नया नियम की आराधना के विषय आप जो पहले से जानते हैं, उसका सारांश दीजिए।
"मसीही कलीसिया की सर्वोच्च और एकमात्र अनिवार्य गतिविधि आराधना है। जब कलीसिया की अन्य सभी गतिविधियाँ समाप्त हो जाएँगी, तब केवल यही स्वर्ग तक टिकेगी।"
- डब्ल्यू. निकोल्स
सुसमाचार: यीशु—आराधना में हमारा आदर्श और वही है जिसकी हम आराधना करते हैं
नए नियम में जितनी बार आराधना शब्द का प्रयोग हुआ है, उनमें से आधे चारों सुसमाचारों में पाए जाते हैं। सुसमाचार हमें दिखाते हैं कि आराधना में यीशु हमारे आदर्श हैं। वे यह भी बताते हैं कि वे हमारी आराधना के योग्य हैं।
अपनी मानवता में, यीशु आराधना का सर्वोच्च आदर्श थे
यीशु ने सच्ची आराधना का आदर्श प्रस्तुत किया। यीशु ने सामरी स्त्री से कहा कि परमेश्वर उन लोगों को ढूँढ़ता है जो आत्मा और सच्चाई से उसकी आराधना करते हैं (यूहन्ना 4:24)। अपनी आराधना पद्धतियों (पवित्रशास्त्र पढ़ना, प्रार्थना, आराधनालय और मंदिर में जाना) में, यीशु ने दिखाया कि आत्मा और सच्चाई से सच्ची आराधना करने का क्या अर्थ है।
यीशु को आराधना स्थल बहुत प्रिय था
लूका ने यीशु के आराधना स्थल के प्रति प्रेम को दर्शाया है। बचपन से ही, यीशु मंदिर को अपने पिता का घर मानते थे (लूका 2:41-49)। उन्हें मंदिर की आराधना की पवित्रता का उत्साह था; उन्होंने दो बार उन लोगों को बाहर निकाला जो मंदिर का दुरुपयोग कर रहे थे।[1]
अपनी सार्वजनिक सेवकाई के आरंभ में, यीशु अपनी रीति के अनुसार सब्त के दिन नासरत के आराधनालय में गए (लूका 4:16)। अपनी सांसारिक सेवकाई के दौरान, यीशु अक्सर आराधनालयों में जाते थे।
यीशु ने परमेश्वर के अलावा किसी और की या किसी चीज़ की आराधना करने से इनकार किया।
निर्जन प्रदेश में, यीशु ने झूठी आराधना के प्रलोभन को अस्वीकार किया।
► मत्ती 4:9-10 पढ़ें।
सृष्टिकर्ता की बजाय सृष्टि की आराधना करने का प्रलोभन बाइबल में एक निरंतर विषय रहा है। पुराने नियम में मूर्तिपूजा का मूल यही है। प्रकाशितवाक्य अजगर और पशु की पूजा और परमेश्वर और मेम्ने की आराधना के बीच के अंतर को दर्शाता है। यीशु ने सृष्टि की आराधना करने से इनकार किया।[2]
यीशु आदतन प्रार्थना करते थे।
यीशु की पूरी सेवकाई में प्रार्थना का विशेष महत्व था। सुसमाचारों में पंद्रह बार यीशु के प्रार्थना करने का वर्णन मिलता है। इनमें से कुछ अवसरों पर, उन्होंने पूरी रात अपने पिता के साथ अकेले बिताई। बारह प्रेरितों को चुनने से पहले, उन्होंने पूरी रात प्रार्थना में बिताई (लूका 6:12)। अपने शिष्यों के साथ अपने अंतिम समय में, यीशु ने शिष्यों और उन सभी के लिए प्रार्थना की जो बाद में उन पर विश्वास करेंगे (यूहन्ना 17)। क्रूस का सामना करते हुए, वह प्रार्थना करने के लिए गतसमनी गए (मत्ती 26:36-42)। यीशु की आराधना में प्रार्थना का विशेष महत्व था।
यीशु ने सच्ची आराधना का व्याख्यान किया।
अपने कार्यों के माध्यम से आराधना का आदर्श प्रस्तुत करने के साथ साथ, यीशु ने लगातार आराधना के बारे में भी सिखाया। उन्होंने सामरी स्त्री को सच्ची आराधना के बारे में सिखाया। यीशु ने शिष्यों को एक आदर्श प्रार्थना सिखाई और दृष्टांतों के माध्यम से प्रार्थना के बारे में सिखाया। (लूका 11:5-8, लूका 18:1-14)।
► लूका 11:1-4 पढ़ें।
यीशु की आदर्श प्रार्थना दिखाती है कि प्रार्थना आराधना के हृदय से होनी चाहिए। प्रार्थना इस प्रकार आरम्भ होती है, “तेरा नाम पवित्र माना जाए।” प्रार्थना में हम परमेश्वर को पवित्र मानते हैं।
यीशु ने झूठी आराधना को फटकारा।
यदि सच्ची आराधना आत्मा और सच्चाई से की जाने वाली आराधना है, तो झूठी आराधना वह है जो इससे अलग है। यीशु ने इसे अस्वीकार किया:
(1) पाखंडी आराधना
पहाड़ी उपदेश में, यीशु ने चेतावनी दी थी कि सही काम गलत कारणों से भी किए जा सकते हैं। गरीबों को दान देना, प्रार्थना करना और उपवास करना, ये सभी आराधना के पहलू हैं। यीशु ने उन लोगों के विरुद्ध चेतावनी दी जो दूसरों को प्रभावित करने के लिए ये काम करते हैं; वे पाखंडी हैं (मत्ती 6:1-18)। सच्चे आराधक परमेश्वर की आराधना करने की इच्छा से ये काम करते हैं।
मत्ती अध्याय 23 में, यीशु ने उन धार्मिक नेताओं की निंदा की जो आराधना के विषय सही बातें तो सिखाते हैं, परन्तु उनके हृदय परमेश्वर से दूर हैं। यीशु ने कहा कि उनकी शिक्षाएँ तो सही हैं, परन्तु उनके हृदय गलत हैं; वे पाखंडी हैं।
(2) विधिपरक आराधना
पाखंडी आराधना एक ख़तरा है; जिसका उद्देश्य परमेश्वर को प्रसन्न करने के बजाय दर्शकों को प्रभावित करना होता है। दूसरा ख़तरा विधि-विधानवाद है; जिसका उद्देश्य कुछ निश्चित आवश्यकताओं को पूरा करके परमेश्वर का अनुग्रह प्राप्त करना होता है। जब हम अपनी आराधना के कार्यों से परमेश्वर का अनुग्रह प्राप्त करने का प्रयास करते हैं, तो हम सच्ची आराधना की वास्तविकता खो देते हैं। आराधना परमेश्वर की भलाई के प्रति आनंदमय प्रतिक्रिया के बजाय, परमेश्वर का अनुमोदन प्राप्त करने के लिए किया जाने वाला कार्य बन जाती है।
यीशु ने इस्राएल के धार्मिक अगुवों को नाराज़ किया जब उन्होंने उनकी परंपराओं को तोड़ा।[3] यीशु ने व्यवस्था या व्यवस्था की मूल भावना का उल्लंघन नहीं किया; उन्होंने उन मानवीय परंपराओं का उल्लंघन किया जो वर्षों से चली आ रही फरीसी विधि-विधानवाद से विकसित हुई थीं। फरीसियों के लिए, ये परंपराएँ स्वयं व्यवस्था जितनी ही महत्वपूर्ण थीं। उनका मानना था कि व्यवस्था का पालन करने से परमेश्वर का अनुग्रह प्राप्त होता है। यही विधि-विधानवाद को परिभाषित करता है: आवश्यकताओं को पूरा करके परमेश्वर का अनुग्रह प्राप्त करने का प्रयास। यीशु ने विधि-विधानवाद को उतनी ही दृढ़ता से अस्वीकार किया जितना कि उन्होंने पाखंड को अस्वीकार किया था।
यीशु के ईश्वरीयत्व में, उसकी आराधना की जाती है
अपनी मृत्यु और पुनरुत्थान के बाद, यीशु पिता के दाहिने हाथ पर बैठा है और उचित रूप से आराधना प्राप्त करता है (प्रकाशितवाक्य 5:12-14)। पौलुस ने फिलिप्पियों अध्याय 2 में इस परिवर्तन के बारे में लिखा है। यीशु के स्वेच्छा से स्वयं को दीन करने के कारण, अब उसे ऊंचा किया गया और उसकी आराधना की गई।
इस कारण परमेश्वर ने उसको अति महान् भी किया, और उसको वह नाम दिया जो सब नामों में श्रेष्ठ है, कि जो स्वर्ग में और पृथ्वी पर और पृथ्वी के नीचे हैं, वे सब यीशु के नाम पर घुटना टेकें; और परमेश्वर पिता की महिमा के लिये हर एक जीभ अंगीकर कर ले कि यीशु मसीह ही प्रभु है (फिलिप्पियों 2:9-11)।
मत्ती 18:20 में, यीशु ने गवाही दी कि वह आराधना के योग्य है। यहूदी परंपरा के अनुसार, आराधनालय में प्रार्थना और आराधना के लिए 10 पुरुषों का होना अनिवार्य था। यीशु ने अपने शिष्यों से कहा, “क्योंकि जहाँ दो या तीन मेरे नाम पर इकट्ठा होते हैं, वहाँ मैं उनके बीच में होता हूँ।” कलीसिया में, यीशु की उपस्थि=ति, न कि उपस्थित लोगों की संख्या, आराधना का निर्धारण करती है।
यीशु ने अपने आश्चर्यकर्म को देखने वाली भीड़ पर जो प्रभाव डाला, उससे पता चलता है कि वह आराधना के योग्य हैं। जब लोगों ने उनके आश्चर्यकर्म देखे, तो उन्होंने परमेश्वर की महिमा की, जो आराधना का एक कार्य था। जिन लोगों ने उनके चंगाई के कार्य देखे, वे सभी चकित रह गए (मरकुस 1:23-27)।
शिष्यों के साथ अपनी अन्तिम रात में, यीशु ने फसह का भोज खाया। यद्यपि यह भोजन यहूदियों के फसह के पारंपरिक भोजन जैसा ही था, परन्तु यीशु ने इसे एक नया अर्थ दिया जब उन्होंने अपने शिष्यों से कहा कि रोटी “यह मेरी देह है जो तुम्हारे लिये दी जाती है” और प्याला “मेरे उस लहू में...नई वाचा है” (लूका 22:19-20)।
► लूका 22:13-20 पढ़ें।
उसने उन्हें अपने स्मरण में ऐसा करने की आज्ञा दी। प्रभु भोज मसीह पर केंद्रित है, जो फसह की पूर्ण पूर्ति है।
[1]यूहन्ना 2:13-16 पहले शुद्धिकरण के बारे में बताता है। मत्ती 21:12-27, मरकुस 11:15-17, और लूका 19:45-46 उसकी सांसारिक सेवकाई के अंतिम सप्ताह के दौरान दूसरी शुद्धिकरण का वर्णन करते हैं।
[2]यीशु रोमियों 1:25 में बताए गए लोगों के समान नहीं था।
[3]मत्ती 12:1-14, लूका 13:10-17, और यूहन्ना 5:8-18, दूसरों के बीच में.
आज बाइबल आधारित आराधना
यीशु द्वारा झूठी आराधना को फटकार और सच्ची आराधना का उनका अपना उदाहरण दर्शाता है कि हमारी आराधना सच्ची होनी चाहिए, दूसरों को प्रभावित करने के लिए नहीं। सच्ची आराधना का उद्देश्य पिता को प्रसन्न करना होना चाहिए, न कि दूसरों को प्रसन्न करना।
यह कलीसिया के अगुवों के लिए एक निरंतर प्रलोभन है। क्योंकि प्रचार और आराधना की अगुआई सार्वजनिक रूप से की जाती है, इसलिए हम आराधना के बजाय प्रदर्शन के लिए प्रलोभित हो सकते हैं। जब हम परमेश्वर का सम्मान करने के बजाय श्रोताओं को प्रसन्न करने पर ध्यान केंद्रित करते हैं, तो हम आराधना के बजाय प्रदर्शन करते हैं।
एक अगुवे के लिए झूठी आराधना का प्रलोभन क्या है?
एक संदेश पाठ इसलिए चुना गया है क्योंकि हम जानते हैं कि यह श्रोताओं के बीच लोकप्रिय होगा
एक प्रार्थना जो परमेश्वर से ज़्यादा श्रोताओं से बात करती है
एक ऐसा दान जो देने वाले की ओर ध्यान आकर्षित करता है
ऐसा संगीत जो परमेश्वर की बजाय कलाकार की महिमा को आकर्षित करता है
यीशु की शिक्षाएँ और उदाहरण हमें याद दिलाते हैं कि सच्ची आराधना केवल परमेश्वर की ही है। आराधना उसके विषय है, हमारे बारे में नहीं।
दोबारा जाँच
स्वयं से पूछें, "मेरी आराधना में किसका सम्मान होता है? क्या मैं परमेश्वर की महिमा के लिए प्रचार करता हूँ, गाता हूँ, प्रार्थना करता हूँ और दान देता हूँ, या अपनी पहचान के लिए? क्या मैं सचमुच आराधना कर रहा हूँ?"
प्रेरितों के काम: आराधना और सुसमाचार प्रचार
आराधना का सुसमाचार प्रचार से गहरा संबंध है। अविश्वासी लोग भी जब सुसमाचार सुनते हैं और उस पर अमल करते हैं, तो वे आराधक बन जाते हैं। प्रेरितों के काम की पुस्तक आराधना और सुसमाचार प्रचार के बीच संबंध दर्शाती हैं।
यशायाह 6:8 दर्शाता है कि आराधना का परिणाम सुसमाचार प्रचार होता है; आराधना के प्रति यशायाह की प्रतिक्रिया थी “मैं यहाँ हूँ! मुझे भेज।” जब हम सच्चे मन से आराधना करते हैं, तो हममें सुसमाचार प्रचार के लिए एक उत्साह पैदा होता है। आराधना में, हम परमेश्वर को देखते हैं और अपनी दुनिया की ज़रूरतों को परमेश्वर की नज़र से देखते हैं। आराधना से सुसमाचार प्रचारक बनते हैं।
आराधना कलीसिया को सुसमाचार प्रचार के लिए प्रेरित करती है। जब कलीसिया अविश्वासियों को मसीह के पास लेके आती है, तो नए विश्वासी आराधक बनते जाते हैं। ये नए आराधक फिर सुसमाचार प्रचार के लिए प्रेरित होते हैं।
प्रेरितों के काम की पुस्तक इस प्रक्रिया को क्रियान्वित करते हुए दिखाती है। पौलुस के इफिसुस में प्रचार करने के बाद, लोग डायना और हाथ से बनाए गए देवताओं की पूजा से विमुख होकर सच्चे परमेश्वर की आराधना की ओर मुड़ गए (प्रेरितों के काम 19:26-27)। जब हम मसीह का प्रचार करते हैं, तो नए विश्वासी राज्य की ओर खिंचे चले आते हैं; वे आराधक बन जाते हैं। सुसमाचार प्रचार आराधकों का निर्माण करता है।
सच्ची आराधना सुसमाचार प्रचार को प्रेरित करती है
प्रेरितों के काम की पुस्तक शिष्यों की आराधना से आरम्भ होती है; वे एकमत होकर स्वयं को प्रार्थना में समर्पित कर रहे थे (प्रेरितों के काम 1:14)। प्रेरितों के काम की पुस्तक रोम में पौलुस के सुसमाचार प्रचार के साथ समाप्त होती है; वह “बिना रोक–टोक बहुत निडर होकर परमेश्वर के राज्य का प्रचार करता और प्रभु यीशु मसीह की बातें सिखाता रहा” (प्रेरितों के काम 28:31)।
आरंभिक मसीहियों की आराधना ने सुसमाचार प्रचार को जन्म दिया। पौलुस और बरनबास की बुलाहट आराधना के इसी परिवेश में हुई।
जब वे उपवास सहित प्रभु की आराधना कर रहे थे, तो पवित्र आत्मा ने कहा, “मेरे लिये बरनबास और शाऊल को उस काम के लिये अलग करो जिसके लिये मैं ने उन्हें बुलाया है।” तब उन्होंने उपवास और प्रार्थना करके और उन पर हाथ रखकर उन्हें विदा किया। (प्रेरितों के काम 13:2-3)।
सच्ची आराधना सुसमाचार प्रचार को प्रेरित करती है।
प्रभावशाली सुसमाचार प्रचार आराधकों जन्म देता है
प्रेरितों के काम, की पुस्तक के दौरान, शिष्य आराधना में लगे रहे। पिन्तेकुस्त के दिन, 3,000 लोगों का उद्धार हुआ। ये नए विश्वासी आराधक बन गए; उन्होंने प्रेरितों की शिक्षाओं और संगति, रोटी तोड़ने और प्रार्थनाओं में स्वयं को समर्पित कर दिया (प्रेरितों के काम 2:42)।
► आरंभिक कलीसिया में आराधना की एक तस्वीर को देखने के लिए प्रेरितों के काम 2:42-46 पढ़ें।
यहूदी मसीही मंदिर में आराधना करते रहे।।[1] इसके अलावा, यहूदी मसीही और अन्यजाति से आए विश्वासी लोग आराधनालय में आराधना के लिए एकत्रित होते थे। अधिकांश शहरों में, पौलुस ने अपनी सेवकाई आराधनालय से आरम्भ की, और यीशु को पुराने नियम की प्रतिज्ञाओं की पूर्ति के रूप में दर्शाया।[2] आराधना निजी घरों में भी होती थी। विश्वासी संगति और आराधना के लिए घर-घर जाते थे (प्रेरितों के काम 2:46)। पौलुस की पत्रियों में घरों में एकत्रित होने वाली कलीसियाओं को शुभकामनाएँ शामिल हैं।[3] आरंभिक कलीसिया के सुसमाचार प्रचार ने आराधकों का एक नया समाज बनाया।
ऐथेंस में सुसमाचार प्रचार
ऐथेंस में पौलुस का संदेश सुसमाचार प्रचार और आराधना के बीच के संबंध को दर्शाने वाला एक उत्कृष्ट पाठ है (प्रेरितों के काम 17:16-34।) ऐथेंस में पौलुस का सामना एक ऐसी संस्कृति से हुआ जो मूर्तिपूजा से भरी हुई थी। पौलुस ने झूठी मूर्तियों की पूजा और यहोवा की सच्ची आराधना के बीच का अंतर समझाया।
ऐथेंस के लोग बहुत धार्मिक थे (प्रेरितों के काम 17:22)।
एथेंस के लोग आराधक तो थे, परन्तु वे सच्चे परमेश्वर की आराधना नहीं करते थे। उनकी आराधना झूठी थी। आराधना अपने आप में पर्याप्त नहीं है; आराधना सही उद्देश्य पर केंद्रित होनी चाहिए।
ऐथेंस के लोग अज्ञानतापूर्वक आराधना करते थे (प्रेरितों के काम 17:23)।
वे नहीं जानते थे कि वे किसकी आराधना करते हैं। पौलुस ने उस प्रभु का प्रचार किया जिसकी वे खोज कर रहे थे। उसने उनसे कहा कि परमेश्वर ने सभी राष्ट्रों को अपनी ओर आने और उसे पाने के लिए प्रेरित किया है। यह एक ऐसा वाक्यांश है जो किसी ऐसे व्यक्ति का संकेत देता है जो अँधेरे में टटोल रहा है। परमेश्वर के लिए मनुष्य की भूख ने सुसमाचार के लिए एक रास्ता प्रदान किया।
ऐथेंस के लोग एक अपर्याप्त देवता की पूजा करते थे
यहोवा की आराधना मनुष्यों के हाथों से नहीं की जाती, मानो उसे किसी चीज़ की ज़रूरत हो। वही है जो सबको जीवन, साँस और सब कुछ देता है (प्रेरितों के काम 17:25)। एथेंसवासियों की आराधना झूठी थी क्योंकि उनका ईश्वर अपर्याप्त था। सच्चा परमेश्वर सबको जीवन देता है; उसे किसी चीज़ की ज़रूरत नहीं है। हम परमेश्वर की आराधना इसलिए करते हैं क्योंकि वह हमारी आराधना के योग्य है, इसलिए नहीं कि उसे हमारी आराधना की ज़रूरत है।
पौलुस ने मूर्तियों और सच्चे परमेश्वर के बीच अंतर बताया।
1.परमेश्वर सृष्टिकर्ता है। उसने संसार और उसकी हर चीज़ को बनाया है... वह स्वर्ग और पृथ्वी का स्वामी है (प्रेरितों के काम 17:24)। मनुष्यों के हाथों से बनाई गई मूर्तियों के विपरीत, परमेश्वर ने मनुष्य को बनाया। वह कोई पराया देवता नहीं है (प्रेरितों के काम 17:18); वह सारे संसार का सृष्टिकर्ता है।
2.परमेश्वर निकट है। वह हम में से किसी से भी दूर नहीं है (प्रेरितों के काम 17:27)। यद्यपि परमेश्वर सर्वोपरि है, फिर भी वह हमारे संसार में प्रवेश कर चुका है और प्रत्येक आराधक के निकट है।
3.परमेश्वर उनका न्याय करेगा जो पश्चाताप करने से इनकार करते हैं (प्रेरितों के काम 17:30-31)। सच्चाई से आराधना यह मानती है कि परमेश्वर एक धर्मी न्यायाधीश है जो विद्रोह को सहन नहीं करेगा। अपनी आराधना में, हम स्वयं को उसकी संप्रभुता के अधीन कर देते हैं।
4.परमेश्वर ने यीशु को मरे हुओं में से जीवित, यह दिखाते हुए कि यीशु आराधना के योग्य हैं (प्रेरितों के काम 17:31)। यीशु ने स्वेच्छा से अपने आप को मृत्यु तक दीन किया; अब पिता ने उन्हें महिमा दी है, “कि जो स्वर्ग में और पृथ्वी पर और पृथ्वी के नीचे हैं, वे सब यीशु के नाम पर घुटना टेकें; और परमेश्वर पिता की महिमा के लिये हर एक जीभ अंगीकर कर ले कि यीशु मसीह ही प्रभु है” (फिलिप्पियों 2:10-11)।
एथेन्स में पौलुस के संदेश ने यहोवा की सच्ची आराधना के सुसमाचार के साथ मूर्तियों की झूठी आराधना का सामना किया। प्रभावशाली सुसमाचार प्रचार आराधकों जन्म देता है।
कई कलीसिया आराधना को मिशन और सुसमाचार प्रचार से अलग करते हैं। कुछ कलीसिया कहती हैं, "हम सुसमाचार प्रचार के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा उत्साह खोए हुए लोगों तक पहुँचने का है।" ये कलीसिया आराधना पर कम ध्यान देती हैं। वे स्वयं को सुसमाचार प्रचारक कलीसिया मानते हैं। कुछ अन्य कलीसिया कहती हैं, "हमारा मानना है कि कलीसिया का प्राथमिक उद्देश्य आराधना है। दूसरे लोग सुसमाचार प्रचार कर सकते हैं; हमारा लक्ष्य आराधना है।
प्रेरितों के काम की पुस्तक दर्शाती है कि कलीसिया को आराधना और सुसमाचार प्रचार दोनों के लिए समर्पित होना चाहिए। सच्ची आराधना हमें सुसमाचार प्रचार के लिए उत्साह देती है। प्रभावी सुसमाचार प्रचार नए आराधकों का निर्माण करता है।
हमें आराधना को सुसमाचार प्रचार से अलग नहीं करना चाहिए। जो आराधना सुसमाचार प्रचार को प्रेरित नहीं करती, वह आत्म-केंद्रित आराधना बन सकती है जो मुख्य रूप से हमारी अपनी प्रेरणा के लिए की जाती है। जो सुसमाचार प्रचार आराधना की ओर नहीं ले जाता, वह ऐसे खोखले मसीहियों को जन्म देगा जो वास्तव में परमेश्वर को देखने में असफल रहते हैं।
बाइबल आधारित आराधना में, हम सुसमाचार प्रचार के लिए एक नया उत्साह प्राप्त करते हैं। यशायाह की तरह, परमेश्वर के बारे में हमारा दृष्टिकोण एक ज़रूरतमंद संसार के दृष्टिकोण के साथ होगा। यशायाह की तरह, परमेश्वर के प्रति हमारी आराधनापूर्ण प्रतिबद्धता हमें यह कहने के लिए प्रेरित करेगी, “मैं यहाँ हूँ! मुझे भेज।”
दोबारा जाँच
स्वयं से पूछें, "क्या आराधना मुझे अविश्वासियों के साथ सुसमाचार बाँटने के लिए प्रेरित करती है? क्या मुझमें नए आराधकों को परमेश्वर के पास लाने का उत्साह है?"
पत्रियाँ: आरम्भिक कलीसिया में आराधना
पुराने नियम में यहूदी आराधना के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, परन्तु नया नियम में कलीसिया में आराधना के लिए बहुत कम निर्देश दिए गए हैं।[1] नया नियम में आराधना सभा का कोई पूर्ण विवरण नहीं है, परन्तु पत्रियाँ आरंभिक मसीही आराधना के कुछ तत्वों को दर्शाती हैं।
बाइबल पठन
आरंभिक मसीही आराधना में धर्मशास्त्र पढ़ना महत्वपूर्ण था। कुलुस्सियों 4:16 और 1 थिस्सलुनीकियों 5:27 ने कलीसियाओं को निर्देश दिए कि वे पौलुस की पत्रियों को सार्वजनिक रूप से पढ़ें। 1 तीमुथियुस 4:13 में, पौलुस तीमुथियुस को याद दिलाता है कि वे बाइबल के सार्वजनिक पठन पर ध्यान दें।
कुलुस्सियों 3:16 में, बाइबल पढ़ने के महत्व का सुझाव दिया गया है “मसीह के वचन को अपने हृदय में अधिकाई से बसने दो… सिद्ध ज्ञान सहित।” भजनकार ने धन्य मनुष्य का वर्णन किया; वह परमेश्वर की व्यवस्था से प्रसन्न होता है और उस पर मनन करता है (भजन संहिता 1:2)। हमारी सार्वजनिक आराधना से पता चलता है कि हम धर्मशास्त्र (बाइबल) को कितना महत्व देते हैं।
परमेश्वर के वचन का प्रचार
पवित्रशास्त्र के वचन पढ़ने के साथ-साथ, एक अगुवा वचन का प्रचार करने के लिए भी ज़िम्मेदार था (2 तीमुथियुस 4:1-4, तीतुस 2:15)। एज्रा के समय से, शास्त्री लोगों के लिए शास्त्र की व्याख्या करते थे। एज्रा और उनके सहयोगी पुस्तक से, परमेश्वर की व्यवस्था से, स्पष्ट रूप से पढ़ते थे, और अर्थ बताते थे, ताकि लोग पाठ को समझ सकें (नहेम्याह 8:8)। नये नियम के युग में यहूदी आराधनालयों ने इस प्रथा को जारी रखा (प्रेरितों 13:14-15)। धर्मग्रंथ का अर्थ समझाना आरंभिक मसीही धर्मोपदेश का आधार है।
प्रेरितों के काम की पुस्तक में दिए गए उपदेश आरंभिक मसीही प्रवचन की विषय-वस्तु को दर्शाते हैं।[2] इन प्रवचनों में महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं:
यीशु पुराना नियम की भविष्यवाणियों की पूर्ति थे।
यीशु ने परमेश्वर की सामर्थ से महान कार्य किए।
यीशु को क्रूस पर चढ़ाया गया और फिर मृतकों में से जीवित उठाया गया।
यीशु अब महिमान्वित हैं और प्रभु बनाए गए हैं।
जो कोई सुनता है उसे पश्चाताप करना चाहिए और बपतिस्मा लेना चाहिए।
सार्वजनिक प्रार्थना
आरंभिक मसीही आराधना में सार्वजनिक प्रार्थना महत्वपूर्ण थी (1 तीमुथियुस 2:1-3)। कई विद्वानों का मानना है कि पौलुस की पत्रियों में शामिल प्रार्थनाएँ सार्वजनिक आराधना में प्रयोग की जाती थीं। कलीसिया का “आमीन” कहना इस प्रार्थना से उनकी सहमति दर्शाता था।[3]
भजन गाना
मंदिर में गायन का विशेष महत्व था और आरंभिक मसीही आराधना में भी इसकी भूमिका रही। मसीही अपनी यहूदी आराधना से लाए गए भजन संहिता के साथ-साथ, नए भजनों में यीशु की मसीह के रूप में स्तुति की गई। इफिसियों 5:19 और कुलुस्सियों 3:16 के द्वारा सुझाव दिया गया है। कई बाइबल के विद्वान मानते हैं कि फिलिप्पियों 2:5-11 एक आरंभिक मसीही भजन था। इसके अलावा, लूका 1:46-55 में मरियम का गीत और लूका 2:29-32 में शिमोन की प्रार्थना भी आराधना सभाओं में गाई गई होगी।
भेंट/दान देना
कुछ अवसरों पर, भेंट/दान देना सार्वजनिक आराधना का हिस्सा होता था। 1 कुरिन्थियों 16:2 और 2 कुरिन्थियों 9:6-13 कुरिंथुस में कलीसिया को यरूशलेम में पीड़ित मसीहियों के लिए भेंट एकत्र करने का निर्देश देते हैं।
बपतिस्मा और प्रभु भोज
बपतिस्मा और प्रभु भोज ये संस्कार आराधना का अंग थे। पौलुस ने कुरिन्थियों द्वारा प्रभु भोज के उत्सव में व्याप्त कुप्रथाओं को सुधारने के लिए लिखा। मसीह के बलिदान के स्मरणोत्सव के बजाय, यह एक उत्सव बन गया था। पौलुस ने प्रभु भोज की गंभीरता के प्रति सचेत किया। प्रभु भोज एक मसीही के लिए सबसे पवित्र घटना का स्मरण कराता है; इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।[4]
आराधना सभा के तत्वों के इन संकेतों के साथ ही साथ, हम आरंभिक मसीही आराधना के बारे में बहुत कम जानते हैं। ये पत्र आरंभिक कलीसिया में आराधना के किसी विशेष क्रम, आराधना की व्यवस्था या सार्वजनिक आराधना के बारे में कोई अन्य विवरण नहीं देते हैं। आरंभिक कलीसिया में मौजूद विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों के कारण, यह संभव है कि सार्वजनिक आराधना जगह-जगह बहुत भिन्न रही हो। यहूदी मसीही संभवतः आराधनालय की आराधना के समान ही आराधना करते रहे होंगे। गैर-यहूदी मसीही यहूदी रीति-रिवाजों से परिचित नहीं रहे होंगे और हो सकता है कि उन्होंने एक अलग तरीके से आराधना की हो। यद्यपि, यह स्पष्ट है कि प्रारंभिक कलीसिया ने धर्मग्रंथों और परमेश्वर के वचन के प्रचार और शिक्षा पर बहुत ज़ोर दिया।
[1]अधिकांश सामग्री यहाँ से ली गई है Franklin M. Segler and Randall Bradely, Christian Worship: Its Theology and Practice. (Nashville: B&H Publishing, 2006), अध्याय 2.
[2]प्रेरितों के काम की पुस्तक में महत्वपूर्ण उपदेश प्रेरितों के काम 2, 7, 10, 17 में मिलते हैं।
कई कलीसियाओं में, सार्वजनिक रूप से बाइबल पठन दुर्लभ हो गया है। सुस्माचारीय कलीसियाओं में प्रार्थना सभा के दौरान पवित्रशास्त्र के केवल कुछ ही पद पढ़े जाते हैं, यह देखना असामान्य नहीं है। हमारी आराधना में पवित्रशास्त्र को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पवित्रशास्त्र पर आधारित गीतों, बाइबल पाठों, या धर्मोपदेश में पवित्रशास्त्र की सावधानीपूर्वक व्याख्या के माध्यम से, हमें "बाइबल के लोग" के रूप में जाना जाना चाहिए। बाइबल को हमारी आराधना में एक मुख्य स्थान बनाए रखना चाहिए।
दोबारा जाँच
स्वयं से पूछें, “क्या मेरी आराधना में वे सभी तत्व शामिल हैं जो आरंभिक कलीसिया की आराधना का हिस्सा होते थे?”
प्रकाशितवाक्य: आराधना भक्ति के रूप में
प्रकाशितवाक्य के संदेश का केंद्र आराधना है।
प्रभु के दिन जब यूहन्ना ने अल्फा और ओमेगा की आवाज़ सुनी, तब वह आत्मा में था (प्रकाशितवाक्य 1:10)।
प्रकाशितवाक्य का एक मुख्य विषय उन लोगों के बीच का अंतर है जो सिंहासन पर विराजमान यहोवा की आराधना करते हैं और वे जो पशु की पूजा करते हैं।
[1]प्रकाशितवाक्य वादा करता है कि परमेश्वर अपने शत्रुओं को पराजित करेगा, और सभी राष्ट्र उसके सामने आकर उसकी आराधना करेंगे (प्रकाशितवाक्य 15:4)।
प्रकाशितवाक्य में आराधना को समझने के लिए, पुस्तक के ऐतिहासिक परिस्थिति की समीक्षा करना लाभकारी होगा। पहली शताब्दी के मसीहियों को दो परस्पर विरोधी दावों का सामना करना पड़ा। एक ओर, वे जानते थे कि यीशु मसीह प्रभु हैं (फिलिप्पियों 2:11)। मसीह में विश्वास के लिए यीशु मसीह के अधिकार और प्रभुत्व के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक है। दूसरी ओर, रोम अपने साम्राज्य के अधीन सभी लोगों से यह प्रमाणित करने की आशा करता था कि कैसर ही उनका प्रभु और स्वामी है।
मसीहियों के लिए परमेश्वर के अलावा किसी और के प्रति पूर्ण निष्ठा रखना असंभव था। रोम और पहली शताब्दी के मसीहियों के बीच विवाद का मूल कारण था, "हमारी आराधना के योग्य कौन है?" इस विषय, प्रकाशितवाक्य कहता है, "यीशु प्रभु हैं।" यहाँ तक कि एक ऐसे संसार में भी जो उनके अधिकार को स्वीकार नहीं करता, यीशु प्रभु हैं। वे आराधना के योग्य हैं। प्रकाशितवाक्य सच्ची आराधना का एक चित्र प्रस्तुत करता है।
स्वर्गीय आराधना का असफल आराधना के साथ विरोधाभास
प्रकाशितवाक्य की पुस्तक का आरम्भ एशिया माइनर की सात कलीसियाओं को दिए गए संदेशों से होता है। एशिया माइनर सम्राट-आराधना के सबसे मज़बूत केंद्रों में से एक था। प्रकाशितवाक्य में जिन शहरों को संबोधित किया गया था, उनमें से प्रत्येक में राजसी मंदिर थे। सम्राट की आराधना इस पूरे प्रांत में लगभग सर्वव्यापी थी।
सात कलीसियाओं को दिए गए संदेश कई कलीसियाओं की आराधना में विफलताओं को दर्शाते हैं। जबकि सभी सात कलीसियाएँ परमेश्वर की आराधना करती हैं, पाँच कलीसियाओं को फटकार लगाई गई है। फटकार दर्शाती है कि ये कलीसियाएँ परमेश्वर को ग्रहणयोग्य आराधना करने में विफल रहीं।
1.प्रेम की कमी सच्ची आराधना में रुकावट डालती है। इफिसुस की कलीसिया ने कई काम अच्छे से किए, परन्तु उन्होंने अपना पहला प्रेम छोड़ दिया था। आराधना में खालीपन इस बात का संकेत हो सकता है कि हमने उस परमेश्वर के लिए अपना प्रेम खो दिया है जिसकी हम आराधना करते हैं।
2.झूठी शिक्षा सच्ची आराधना में रुकावट डालती है। पिरगमुन और थुआतीरा, दोनों ने झूठी शिक्षा को सहन किया। यह खतरा उन कलीसियाओं में देखा जा सकता है जो बाइबल की सच्चाई के स्थान पर चिन्हों और चमत्कारों को अपनाती हैं।
3.मृत-कर्म सच्ची आराधना में रुकावट डालते हैं। सरदीस शहर दो बार पराजित हुआ था जब सोए हुए पहरेदार एक आते हुए शत्रु को देखने में असफल रहे।[2] यूहन्ना ने चेतावनी दी कि सरदीस की कलीसिया सो रही थी क्योंकि उसे अपने अच्छे कर्मों पर भरोसा था। आराधना में परमेश्वर से मुलाकात सरदीस को उसकी सुस्ती से जगा देगी।
4.उत्साह की कमी सच्ची आराधना में रुकावट डालती है। लौदीकिया ने वह गुनगुनापन दिखाया जो कलीसिया ने अक्सर समृद्धि के समय में देखा है। लौदीकिया के लोगों में जोश की कमी को उनके धन और आत्मनिर्भरता ने बढ़ावा दिया था। सच्ची आराधना हमें परमेश्वर पर हमारी निर्भरता की याद दिलाती है।
स्वर्गीय आराधना परमेश्वर पर केंद्रित होती है
प्रकाशितवाक्य अध्याय 4-5 दर्शाते हैं कि स्वर्गीय आराधना परमेश्वर और उसकी महिमा पर केंद्रित होती है। स्वर्गीय आराधक अनन्त राजा और जी उठे मेमने की आराधना करते हैं।
क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि कोई स्वर्गदूत यूहन्ना से कहे, "क्या हम कुछ ऐसा बदल सकते हैं जिससे आप आराधना में ज़्यादा सहज हो जाएँ?" बिल्कुल नहीं! आराधना परमेश्वर के विषय है, मेरे विषय नहीं। आराधना, आराधक को आशीष देती है, परन्तु यह आराधना का मुख्य उद्देश्य नहीं है। आराधना का उद्देश्य परमेश्वर का आदर करना है। परमेश्वर के सिंहासन के चारों ओर आराधक परमेश्वर की स्तुति का भजन गाते हैं:
हे सर्वशक्तिमान प्रभु परमेश्वर, तेरे कार्य महान् और अद्भुत हैं; हे युग–युग के राजा, तेरी चाल ठीक और सच्ची है”। “हे प्रभु, कौन तुझ से न डरेगा और तेरे नाम की महिमा न करेगा? क्योंकि केवल तू ही पवित्र है। सारी जातियाँ आकर तेरे सामने दण्डवत् करेंगी, क्योंकि तेरे न्याय के काम प्रगट हो गए हैं। (प्रकाशितवाक्य 15:3-4)।
स्वर्गीय आराधना परमेश्वर की उपस्थिति में होती है। जब से आदम और हव्वा को अदन की वाटिका से निकाला गया है, तब से मनुष्य परमेश्वर से अलग हो गया है। स्वर्ग में, आराधना फिर से परमेश्वर की उपस्थिति में, किसी भी बुराई के प्रभाव से मुक्त होकर होगी।
देख, परमेश्वर का डेरा मनुष्यों के बीच में है। वह उनके साथ डेरा करेगा, और वे उसके लोग होंगे, और परमेश्वर आप उनके साथ रहेगा और उनका परमेश्वर होगा ।(प्रकाशितवाक्य 21:3)।
स्वर्गीय आराधना सच्ची वास्तविकता को दिखाती है
जब यूहन्ना ने प्रकाशितवाक्य लिखा, तब वह पतमुस टापू पर निर्वासन में था। पूरे रोमन साम्राज्य में मसीही लोग उत्पीड़न झेल रहे थे। सांसारिक दृष्टिकोण से, भविष्य अंधकारमय था। जबकि, प्रकाशितवाक्य की पुस्तक सांसारिक घटनाओं पर एक स्वर्गीय दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है।[3]
पृथ्वी पर, हम इतिहास का केवल एक ही पहलू देखते हैं। हम यह सोचने के लिए बहक जाते हैं कि हमारे आस-पास का संसार ही परम सत्य है। आराधना और स्वर्ग वास्तविक संसार के संघर्षों से बहुत दूर प्रतीत होते हैं। प्रकाशितवाक्य अध्याय 4, 5, और 15 में दिखाई देने वाली स्वर्गीय आराधना की झलकियाँ हमें वास्तविक संसार का एक चित्र दिखाती हैं।
मसीही सेवकों के लिए, प्रकाशितवाक्य एक विशेष चेतावनी है कि इस संसार के संघर्ष अस्थायी हैं। आराधना वास्तविकता से साप्ताहिक पलायन नहीं है; इसके बजाय, आराधना परमेश्वर के दृष्टिकोण से वास्तविकता को दर्शाती है - और यह हमारे संसार के प्रति हमारे दृष्टिकोण को बदल देती है। प्रकाशितवाक्य में, परमेश्वर कहते हैं, चीजें वैसी नहीं हैं जैसी वे दिखाई देती हैं। चीजें नियंत्रण से बाहर नहीं हैं, शैतान विजयी नहीं हुआ है, बुराई विजयी नहीं हुई है। द्वार से देखो और वास्तविकता की एक झलक पाओ। परमेश्वर अपने सिंहासन पर विराजमान हैं।"[4]
[2]ऐसा तब हुआ जब 547 ईसा पूर्व में कुस्रू ने आक्रमण किया और फिर 214 ईसा पूर्व में एंटिओकस तृतीय ने आक्रमण किया।
[3]उदाहरण के लिए: 6:1-7:8 पृथ्वी पर; 7:9-8:6 स्वर्ग में। 8:7-11:14 पृथ्वी पर; 11:15-19 स्वर्ग में।
[4]David Jeremiah, Worship (CA: Turning Point Outreach, 1995), 72
आज बाइबल आधारित आराधना
"वह जी उठा है!" "वह प्रभु है!" ये उद्घोषणाएँ आराधना का केंद्रबिंदु हैं। पुनरुत्थान ही वह था जिसने यीशु को प्रभु घोषित किया (रोमियों 1:4)।
आरम्भिक कलीसिया प्रत्येक रविवार को पुनरुत्थान के उत्सव के रूप में मान्यता देती थी; प्रत्येक रविवार ईस्टर था। मसीही रविवार को उपवास नहीं करते थे; रविवार उत्सव का दिन था।
आज, हमारी आराधना उत्सव का समय होनी चाहिए। हाँ, परमप्रधान की उपस्थिति में प्रवेश करने के साथ एक गंभीरता जुड़ी हुई है, परन्तु जब हम पुनरुत्थित प्रभु का उत्सव मनाते हैं तो आनन्द भी होता है। हमारी आराधना में उत्सव के अवसर शामिल होने चाहिए।
आराधना में स्तुति के गीत और सदस्यों के जीवन में परमेश्वर की कृपा की गवाही शामिल होती है। नाइजीरिया का एक चर्च भेंट चढ़ाकर उत्सव मनाता है। सदस्य भेंट एकत्र करते समय चर्च के चारों ओर मार्च करते हैं। ये आराधक पुनरुत्थान के आनंद को जानते हैं। आराधना में मृत्यु पर मसीह की विजय के माध्यम से हमें प्राप्त विजय का उत्सव मनाने के अवसर शामिल होने चाहिए।
दोबारा जाँच
स्वयं से पूछिए, "क्या मेरी आराधना एक उत्सव है या मात्र एक कार्य? क्या मैं आराधना में शामिल होकर खुशी महसूस करता हूँ, या मैं सिर्फ़ इसलिए आराधना में जाता हूँ क्योंकि एक मसीही होने के नाते यह मेरा कर्तव्य है?"
व्यक्तिगत लागूकरण
जिस परमेश्वर की हम आराधना करते हैं, उस पर मनन करने के लिए समय निकालें। विचार कि बाइबल हमें उसके बारे में क्या बताती है।
[1] यह भाग यहाँ से लिया गया है Vernon Whaley, Called to Worship. (Nashville: Thomas Nelson, 2009), 331-333.
निष्कर्ष: प्रेरित यूहन्ना की गवाही
“मेरा नाम यूहन्ना है। आराधना ने मेरे जीवन को बदल दिया है। जब से मैं पहली बार नासरत के यीशु से मिला, मैं एक आराधक रहा हूँ।
“मैं रूपांतरण पर्वत पर था। हमने स्वर्ग से वाणी सुनी, हमने उसकी महिमा देखी, और हम मुँह के बल गिर पड़े, और भयभीत हो गए (मत्ती 17:6)। हमने अपूर्ण रूप से आराधना की। दुखभोग सप्ताह के दौरान हमारे कार्यों से पता चला कि हमने पर्वत पर जो देखा था उसे हम समझ नहीं पाए थे।
“मैं गलील के पहाड़ पर था जब यीशु पुनरुत्थान के बाद प्रकट हुए। हमने आराधना की, यद्यपि कुछ लोगों को संदेह था (मत्ती 28:17)। हमने अपूर्ण रूप से आराधना की। हम जानते थे कि वह जी उठे हैं, परन्तु हम इसका पूरा अर्थ नहीं समझ पाए।
“मैं ऊपरी कमरे में था जब हम एक मन से प्रार्थना में लगे थे (प्रेरितों 1:14)। जब हम आराधना कर रहे थे, पवित्र आत्मा हम पर उतरा। आराधना सुसमाचार प्रचार के लिए प्रेरक बन गई; हमने सुसमाचार को यरूशलेम, यहूदिया और सामरिया तक, और पृथ्वी के छोर तक पहुँचाया।
“जब मैं पतमुस में निर्वासन में था, तब प्रभु के दिन मैं आत्मा में था, जब मैंने तुरही जैसी ऊँची आवाज़ सुनी। यह अल्फा और ओमेगा की आवाज़ थी, जो पहले और आखिरी थे (प्रकाशितवाक्य 1:10-11)।
“मैं वहाँ था जब परमेश्वर ने स्वर्ग में एक द्वार खोला और मुझे परमेश्वर के सिंहासन के चारों ओर आराधना देखने की अनुमति दी।
“मैं हमेशा के लिए नए यरूशलेम में रहूँगा, स्वर्ग से परमेश्वर के पास से उतरता हुआ (प्रकाशितवाक्य 21:2)। उस नगर में, हमारी आराधना अंततः सिद्ध होगी क्योंकि हम उसका चेहरा देखेंगे जिसकी हम आराधना करते हैं। स्वर्ग में, ‘परमेश्वर का निवास स्थान मनुष्यों के बीच है। वह उनके साथ वास करेगा, और वे उसके लोग होंगे, और परमेश्वर स्वयं उनके परमेश्वर के रूप में उनके साथ रहेगा।’ (प्रकाशितवाक्य 21:3)।
“मैं यूहन्ना हूँ। और मैं अपने परमेश्वर और उद्धारकर्ता की आराधना में अनंत काल बिताऊँगा!”
व्यक्तिगत लागूकरण
इस पाठ को छोड़ने से पहले, आराधना के लिए समय निकालें। प्रकाशितवाक्य अध्याय 4, 5, और 15 या भजन संहिता 19 के गीत पढ़ें। परमेश्वर की स्तुति वाला कोई गीत गाएँ। आराधना की प्रार्थना करें। परमेश्वर आपसे कैसे बात करते हैं, उसे सुनें। परमेश्वर की सच्ची आराधना के लिए समय निकालें।
सामूहिक विचार विमर्श
► इस पाठ के व्यावहारिक लागूकरण के लिए, निम्नलिखित पर विचार विमर्श करें:
रोहित एक एसी कलीसिया के पासबान हैं जो सुसमाचार प्रचार के प्रति समर्पित हैं। हर महीने नए मसीही विश्वास में आए लोगों का बपतिस्मा होता है। यह कलीसिया में एक रोमांचक समय होता है।
यद्यपि, रोहित को चिंता है कि कलीसिया वास्तव में आराधना नहीं कर रही है। ज़्यादातर प्रचार अविश्वासियों और नए विश्वासी लोगों के लिए होता है। बेहतरीन भजनों का इस्तेमाल करना मुश्किल है क्योंकि नए लोग इन गीतों को नहीं जानते। रोहित को डर है कि उनकी कलीसिया आकार में तो बड़ी होगी लेकिन आत्मिक गहराई में उथली होगी। वह आराधना पर ज़्यादा ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। चर्चा करें कि रोहित सुसमाचार प्रचार पर ज़ोर बनाए रखने के साथ-साथ कलीसिया की आराधना को और गहरा बनाने के लिए क्या कर सकते हैं।
(1) सुसमाचारों में, यीशु पिता की आराधना करते हैं और स्वयं उनकी आराधना परमेश्वर के रूप में की जाती है।
यीशु ने आराधना के लिए एक आदर्श प्रस्तुत किया।
यीशु ने झूठी आराधना के प्रलोभन का इनकार किया।
यीशु ने प्रार्थना के महत्व का आदर्श प्रस्तुत किया।
यीशु की आराधना अनंत काल तक की जाएगी।
(2) प्रेरितों के काम की पुस्तक आराधना और सुसमाचार प्रचार के बीच संबंध को दर्शाती है।
सच्ची आराधना सुसमाचार प्रचार को प्रेरित करती है
प्रभावशाली सुसमाचार प्रचार आराधकों को जन्म देता है
जो आराधना सुसमाचार प्रचार की ओर नहीं ले जाती वह आत्म-केन्द्रित हो जाएगी।
(3) पत्रियाँ आरम्भिक चर्च में आराधना के महत्वपूर्ण तत्वों को दर्शाती हैं। प्रारंभिक कलीसिया में आराधना में शामिल थे:
बाइबल पठन
परमेश्वर के वचन का प्रचार
सार्वजनिक प्रार्थना
भजन गाना
भेंट/दान देना
बपतिस्मा
प्रभु भोज
(4) प्रकाशितवाक्य की पुस्तक दर्शाती है कि आराधना परमेश्वर की स्तुति करना है।
आराधना से आराधक को आशीष मिलती है, परन्तु यह आराधना का प्राथमिक उद्देश्य नहीं है।
आराधना का प्राथमिक उद्देश्य परमेश्वर का आदर करना है।
स्वर्गीय आराधना हमें याद दिलाती है कि जो संसार हम देखते हैं वह पूर्ण वास्तविकता नहीं है।
पाठ 4 के कार्य
(1) इस पाठ से आराधना के तीन सिद्धांत सूचीबद्ध करें। प्रत्येक सिद्धांत के लिए, एक अनुच्छेद लिखें जिसमें उस सिद्धांत को अपनी कलीसिया में लागू करने के व्यावहारिक तरीकों पर विचार विमर्श किया गया हो।
(2) अगले पाठ के आरम्भ में, आप इस पाठ पर आधारित एक परीक्षा देंगे। तैयारी के लिए परीक्षा के प्रश्नों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें।
पाठ 4 परीक्षा
(1) यीशु ने सच्ची उपासना का उदाहरण तीन प्रमुख तरीकों से प्रस्तुत किया की सूची बनाएँ
(2) यीशु की शिक्षा और उदाहरण हमें सच्ची आराधना के विषय क्या याद दिलाते हैं?
(3) कौन से दो कथन आराधना और सुसमाचार प्रचार के बीच के सम्बन्ध का सारांश प्रस्तुत करते हैं?
(4) प्रेरितों के काम अध्याय 17 में एथेंस की झूठी आराधना का वर्णन किस प्रकार किया गया है?
(5) प्रेरितों के काम अध्याय 17 में सच्चे परमेश्वर का वर्णन किस प्रकार किया गया है?
(6) पत्रियों में आरंभिक मसीही आराधना के पाँच तत्वों की सूची बनाएँ।
(7) एशिया माइनर की कलीसियाओं में आराधना में आने वाली बाधाओं के दो उदाहरण बताइए।
Free to print for ministry use. No changes to content, no profit sales.
SGC exists to equip rising Christian leaders around the world by providing free, high-quality theological resources. We gladly grant permission for you to print and distribute our courses under these simple guidelines:
No Changes – Course content must not be altered in any way.
No Profit Sales – Printed copies may not be sold for profit.
Free Use for Ministry – Churches, schools, and other training ministries may freely print and distribute copies—even if they charge tuition.
No Unauthorized Translations – Please contact us before translating any course into another language.
All materials remain the copyrighted property of Shepherds Global Classroom.